- 29 जून को आयोजित होगा जयपुर रत्न सम्मान समारोह, गूँजेगी राजस्थानी संगीत की स्वर लहरियाँ
-101 श्रेष्ठ प्रतिभाएँ होंगी सम्मानित
जयपुर| राजस्थानी माटी की खुशबू से रचा-बसा यहाँ का संगीत,जिसकी स्वर-लहरियों के बीच सम्मानित होती प्रतिभाएँ.. जी हाँ, कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिलेगा आगामी 29 जून को प्रताप नगर स्थित निर्मला ऑडिटोरियम में,जहाँ शक्ति फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले "द्वितीय जयपुर रत्न सम्मान समारोह" आयोजित होने जा रहा है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कलाकार कत्थक, सितार वादन, ग़ज़ल,लोकगीत आदि द्वारा राजस्थान की सभ्यता और संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
जयपुर रत्न सम्मान समारोह की ब्रांड ओनर-फाउंडर अम्बालिका शास्त्री और रिकुं सिंह गुर्जर ने बताया कि इस भव्य समारोह में मानव जीवन के विभिन्न क्षेत्रों कला-संस्कृति,शिक्षा,समाजसेवा, खेल,प्रशासनिक सेवा, उद्योग-व्यापार आदि में अपने कार्यों से उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर अपने परिवार व समाज को गौरवान्वित करने वाली 101 हस्तियों का सर्टिफिकेट व स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया जाएगा।
फर्स्ट इंडिया चैनल के सीएमडी जगदीश चंद्रा और अकबर खान समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
अम्बालिका और रिकुं सिंह गुर्जर ने आगे बताया कि यह दूसरा संस्करण है और हमारी 5 सदस्यीय ज्यूरी पैनल ने श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया है। हमारा उद्देश्य समाज को अपना विशिष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें सम्मानित व प्रोत्साहित करना है ताकि सभी उनसे प्रेरणा ले सकें।
